भिलाई 14 मार्च वेबवार्ता..भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा होटल बिल्स इंटरनेशनल सोमानी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी का ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के तेल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा राज्य गीत का सामूहिक गायन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेमलाल साहू, प्रभुनाथ मिश्रा, खिलावन साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने सुपेला मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विशाल परिवार है, जिसके देशभर में लगभग 14 करोड़ से अधिक समर्पित कार्यकर्ता कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र सेवा और समाज सेवा की भावना से प्रेरित होकर कार्य करता है।
सांसद बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी सिद्धांतों पर आधारित है। इन्हीं महान विचारकों के मार्गदर्शन और आदर्शों पर चलकर भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठनात्मक ढांचा अत्यंत मजबूत है, जिसमें राष्ट्रीय स्तर से लेकर प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, संगठन की कार्यप्रणाली, विचारधारा और जनसेवा के मूल मंत्रों से अवगत कराना है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होता है तथा वे अधिक प्रभावी तरीके से समाज और संगठन के लिए कार्य कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं उन्होंने भी संगठन के विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों में भाग लेकर बहुत कुछ सीखा है और आज जो भी दायित्व उन्हें मिला है, वह कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद और संगठन की शक्ति का परिणाम है।
सांसद विजय बघेल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुपेला मंडल के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
