महात्मा गांधी जयंती पर 150 वरिष्ठजनों का सम्मान,

Spread the love


महात्मा गांधी जयंती पर 150 वरिष्ठजनों का सम्मान,
चरौदा, भिलाई। 2अक्टूबर वेबवार्ता राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दुर्गा मंच इंदिरा नगर हथखोज, चरौदा भिलाई में वरिष्ठजनों एवं सेवाधारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर 150 वरिष्ठजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल का गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुरुषोत्तम देवांगन भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया आयोजक लाखन सिंह वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेम लाल साहू, प्रवक्ता भाजपा जिला भिलाई, श्रीमती पद्मिनी साहू, अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा भिलाई-3 मंडल, विपिन चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि, राकेश बंछोर, पार्षद, तेजस पाल, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष, रवि नाहर, उपाध्यक्ष एवं सुरेन्द्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे। मंच संचालन रोमनाथ वर्मा ने किया।
आयोजक लाखन सिंह वर्मा ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान करने की यह परंपरा लगातार तीसरी बार आयोजित की जा रही है। वरिष्ठों का सम्मान और उनका आशीर्वाद समाज को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
विपिन चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से हम सभी को निरंतर सीखने का अवसर मिलता है। यह सम्मान समारोह आगे भी निरंतर जारी रहना चाहिए।
प्रेम लाल साहू ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है। महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देशसेवा का संदेश दिया। वरिष्ठजनों का सम्मान उन माता-पिता के सम्मान के समान है, जिन्होंने अपने जीवन को समर्पित कर बच्चों का पालन-पोषण, शिक्षा और संस्कार दिए। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष के अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान करना विशेष महत्व रखता है। हमारे बीच ऐसे वरिष्ठजन हैं जिन्होंने अपने बच्चों को डॉक्टर, किसान, इंजीनियर सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ाया। उनका सम्मान हम सभी के लिए गौरव की बात है।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि चरौदा की इस धरती से उनका पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यह नगर पालिका क्षेत्र था और राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर में यहां से घर-घर संपर्क का अवसर मिला। आज उसी क्षेत्र की जनता ने उन्हें लोकसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर दिया है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सांसद बघेल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी का जीवन देशसेवा, सत्य, सादगी और त्याग की प्रेरणा देता है। एक साधारण जीवन जीने वाले वरिष्ठजन का सम्मान करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठों के अनुभव, आशीर्वाद और मार्गदर्शन से समाज को निरंतर शक्ति मिलती है।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा से हमें निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 12 वर्ष तथा वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की सेवा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर भारत के विकास, सम्मान और वैश्विक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा और सम्मान की भावना को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में वरिष्ठजनों का सम्मान उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, वरिष्ठजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *