भिलाई 7मार्च वेबवार्ता..दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने के बाद भाजपा नेता विनायक ताम्रकर को पार्टी ने सस्पेंड कर दिया है। इस दौरान वहां भारी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी खेत में पहुंच गए। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो झूमाझटकी हो गई। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बता दें कि पुलिस को अफीम की सूचना मिलने के बाद 6 मार्च को खेत में रेड की गई, जिसमें करीब डेढ़ एकड़ में अफीम के पौधे मिले हैं। मामला समोदा गांव का है, जहां भाजपा किसान मोर्चा के नेताओं के खेत में चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही थी। इस पर भाजपा नेता विनायक का कहना है कि उन्हें अफीम की खेती की कोई जानकारी नहीं थी और जमीन अधिया (आधी फसल) पर दी गई थी।
विनायक ताम्रकार के निलंबनको लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोई भी हो, गैरकानूनी काम करने वाले पर कार्रवाई होगी।
