नई दिल्ली 29 मार्च, वेब वार्ता – भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर बड़ा फैसला लिए जाने कि जानकारी प्राप्त हुई है।
खबरों के मुताबिक, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर का नाम लगभग तय माना जा रहा है।
संघ (RSS) और पार्टी के उच्च स्तर पर इस पर सहमति बन चुकी है, और जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
आरएसएस से सहमति,
पीएम मोदी के करीबी
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शीर्ष स्तर पर चर्चा के बाद मनोहर लाल खट्टर के नाम पर सहमति बन गई है। खट्टर लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं, पार्टी में उनकी स्वीकार्यता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
संघ से जुड़े मजबूत संगठनकर्ता
मनोहर लाल खट्टर का राजनीतिक करियर आरएसएस से शुरू हुआ। उन्होंने बीजेपी के संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और 2014 में हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने से पहले लंबे समय तक पार्टी के संगठन में काम किया।
मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने 9 साल तक प्रदेश की कमान संभाली और अब केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
आधिकारिक घोषणा जल्द संभव
सूत्रों के अनुसार, बीजेपी जल्द ही इस फैसले की औपचारिक घोषणा कर सकती है।
पार्टी की आगामी रणनीतियों को देखते हुए यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आगामी लोकसभा चुनावों और राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को और मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
अब सभी की निगाहें बीजेपी के आधिकारिक ऐलान पर टिकी हैं।