राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य श्रीमती आशा लकड़ा का भिलाई दौरा

Spread the love

भिलाई 28जनवरी वेब वार्ता…राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की माननीय सदस्य डॉ. (श्रीमती) आशा लकड़ा ने 28 जनवरी 2026 को छत्तीसगढ़ के रायपुर एवं भिलाई (दुर्ग) क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों में अनुसूचित जनजाति समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद किया और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर गहन समीक्षा की।

दौरे के एक महत्वपूर्ण हिस्से में भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने डॉ. आशा लकड़ा से मुलाकात की। एसोसिएशन ने भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों के हितों से संबंधित कुछ प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की, जैसे –
अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों के कल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए सहयोग एवं संसाधनों की उपलब्धता।
त्रैमासिक एवं अन्य आवश्यक बैठकों में एसोसिएशन की भागीदारी सुनिश्चित करने संबंधी अनुरोध।
भिलाई टाउनशिप में बंद पड़े स्कूल भवन को सामुदायिक कल्याणकारी गतिविधियों के लिए उपयोग में लाने की मांग।
एसोसिएशन को औपचारिक मान्यता प्रदान करने की प्रक्रिया में प्रगति।

डॉ. आशा लकड़ा ने इन सभी बिंदुओं को ध्यान से सुना और कहा कि आयोग अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारों की रक्षा एवं उनके सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन मुद्दों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी तथा संबंधित प्राधिकारियों से आवश्यक समन्वय कर शीघ्र उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जोर दिया कि सार्वजनिक उपक्रमों में सभी कर्मचारियों के लिए समान अवसर एवं सहयोगपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है, जो संगठन की उत्पादकता एवं सद्भाव को मजबूत करता है।

यह मुलाकात भिलाई इस्पात संयंत्र जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों के योगदान को मान्यता देने और उनके कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक कदम है। एसोसिएशन आयोग के सक्रिय हस्तक्षेप से आशान्वित है कि इससे सभी पक्षों के बीच बेहतर समझ और सहयोग विकसित होगा, जिससे संस्थान के समग्र विकास में योगदान मिलेगा।

भिलाई स्टील प्लांट शेड्यूल्ड ट्राइब एम्पलाईज वेलफेयर एसोसिएशन अनुसूचित जनजाति कर्मचारियों के न्याय, समानता एवं विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी रचनात्मक संवाद के माध्यम से सकारात्मक बदलाव की अपेक्षा रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *